नैनी एग्रीकल्चर कॉलेज में बंगाल की एक छात्रा को मां के सामने गला दबाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा को स्पोर्ट्स के कपड़े में देखकर आरोपी दोस्त भड़क गया और उसने मारपीट शुरू कर दी। इस दाैरान छात्रा बेहोश हो गई। आरोप है कि बीच बचाव करने आई मां से भी मारपीट की गई। मामले में छात्रा की मां ने आरोपी दोस्त के खिलाफ नैनी थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, बंगाल की रहने वाली छात्रा नैनी स्थित एग्रीकल्चर कॉलेज में बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह कॉलेज के ही हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। उसका पूरा परिवार बंगाल में रहता है। छात्रा की मां ने बताया कि शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला आरोपी यथार्थ सोनकर उनकी बेटी के कॉलेज में पढ़ाई करता है। उनकी बेटी और यथार्थ दोनों दोस्त थे।
29 अगस्त को उनकी बेटी कैंपस के अंदर स्पोर्ट्स के कपड़े में वालीबॉल खेल रही थी। बेटी को छोटे कपड़ों में देखकर आरोपी यथार्थ भड़क गया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस बात की सूचना उन्हें मिली तो वह बंगाल से सोमवार को प्रयागराज पहुंचीं। उसके बाद मंगलवार को बेटी के साथ यथार्थ के घर पर शिकायत लेकर गई तो वहां पर भी उनकी बेटी से उसने मारपीट की। उसके बाद उसने शाहगंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मामले में समझौता करा दिया।
मां का आरोप है कि तीन सितंबर शाम करीब 5:30 बजे यथार्थ सोनकर उनके बेटी को फोन कर मिलने के लिए कहा, लेकिन उसने मिलने से इन्कार कर दिया। इस पर यथार्थ ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि तुम्हें जहां जाना हो चली जाओ, तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी। बुधवार को सुबह जब उनकी बेटी कॉलेज के कंप्यूटर लैब में पहुंची ताे वहां पर यथार्थ पहले से मौजूद था, जहां उसने फिर से मारपीट की। उनकी बेटी ने उन्हें फोन कर मामले की जानकारी दी तो वह हॉस्टल से बेटी के पास पहुंची।
इस दाैरान आरोपी यथार्थ उनकी बेटी का गला दबाकर बेरहमी से पीटने लगा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आरोप है कि नैनी पुलिस को फोन किया तो वह बोले बरसात हो रही है अभी नहीं आ सकते। उसके बाद वह अन्य छात्रों की मदद से बेटी को कॉलेज के अस्पताल में इलाज के लिए ले गई, जहां से उसे एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल छात्रा का इलाज चल रहा है। इस संबंध में नैनी इंस्पेक्टर वैभव सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।