अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की तलाश में बृहस्पतिवार को भी कौशांबी के कछारी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस का कहना है कि अलग अलग सूत्र शाइस्ता के कछारी इलाकों में छिपे होने की बात बता रहे हैं। इसी कारण पुलिस ने अपना पूरा ध्यान कछारी इलाकों में केंद्रित कर दिया है।
अतीक और अशरफ की हत्या और असद के एनकाउंटर के बाद अतीक की पत्नी शाइस्ता ही उमेश पाल हत्याकांड में मोस्ट वांटेड है। पुलिस का कहना है कि अतीक के जेल में रहने के दौरान शाइस्ता ने ही गिरोह की कमान संभाली थी। उमेश पाल की हत्या की पूरी साजिश शाइस्ता के ही नेतृत्व में रची गई थी। पुलिस शाइस्ता की खोज में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाइस्ता कहीं बाहर नहीं भागी है।
उनके तमाम करीबियों को पकड़ा गया। उनसे पूछताछ में यही पता चला है कि वह कछारी इलाके में छिपी है। वह बार बार अपना ठिकाना बदल रही है। बुधवार और बृहस्पतिवार को धूमनगंज, कैंट और पूरामुफ्ती के कछारी इलाकों में ड्रोन कैमरे से खोजबीन की गई। बृहस्पतिवार को करीब डेढ़ सौ घरों में शाइस्ता की खोजबीन की गई। महिला पुलिस भी टीम के साथ रही। पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि शाइस्ता के साथ तीन और महिलाएं हैं जिनमें अतीक की बहन आयशा नूरी भी शामिल है।