माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी हिन्दी केलिए शैक्षिक अर्हता में बदलाव किए जाने के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों ने बुधवार को यूपी बोर्ड सचिव का घेराव किया। इन अभ्यर्थियों ने सचिव शैल यादव को ज्ञापन देकर उनसे मांग की कि टीजीटी हिन्दी के लिए इंटरमीडिएट में संस्कृत की अनिवार्यता खत्म की जाए।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से नियमों में बदलाव की निंदा करने के साथ प्रतियोगी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि बदलाव वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज होगा। छात्रों का आश्वस्त करते हुए सचिव ने कहा कि इस संशोधन पर विचार किया जाएगा। घेराव करने वालों में गौरव सिंह, ज्ञान शुक्ला, श्याम पांडेय, विभा शुक्ला, गौरव त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में प्रतियोगी शामिल रहे।