करनाईपुर।सातनपुर संपर्क मार्ग पर बने गड्ढों और उखड़ी पड़ी गिट्टी । संवाद
सातनपुर गांव में करीब पांच किलोमीटर लंबे मुख्य संपर्क मार्ग का निर्माण पांच वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो सका है। मार्ग पर गड्ढे और उखड़ी गिट्टी से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से समस्या और बढ़ जाती है। सातनपुर निवासी दिनेश कुमार यादव ने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने निर्माण पूरा होने तक सड़क की मरम्मत कराने को कहा। ग्रामीण विकास कुमार मौर्य, शंकर लाल मौर्य, सर्वेश कुमार यादव और सुमंत कुमार मिश्रा ने भी मार्ग की बदहाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द निर्माण और मरम्मत की मांग की। पीडब्ल्यूडी विभाग के एई धनीराम पटेल ने बताया कि बारिश के कारण काम रुका था। उन्होंने गड्ढों की जांच कर तत्काल मरम्मत शुरू कराने का आश्वासन दिया।