यमुनापार में बेखौफ हो चले बदमाशों ने सोमवार को घर लौट रहे सराफ को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश मौके से सिरसा की ओर भाग निकले। आशंका है कि लूट की नीयत से वारदात की गई हो। हालांकि खबर लिखे जाने तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उमाकांत सेठ(30) पुत्र मिश्रीलाल सेठ मेजा के सिरसा का रहने वाला है। वह मेजा रोड चौराहे पर मिश्रीलाल ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान चलाता है। रोज की तरह सोमवार रात भी रात नौ बजे के करीब दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर जाने के लिए निकला। अभी वह सोरांव गांव के पास पहुंचा था कि पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। उन्होेंने ओवरटेक कर उमाकांत को रोक लिया और फिर तमंचा निकालकर उस पर फायर झोंक दिया। गोली दाहिने जबड़े में लगी और सराफ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर भाग निकले। कुछ देर बाद उधर से गुजरे राहगीरों ने सराफ को लहूलुहान पड़ा देख सूचना दी तो पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने घायल सराफ को लेकर शहर के निजी अस्पताल पहुंची जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। सूचना पर घरवाले भी पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ की लेकिन घरवाले भी हमले की वजह नहीं बता सके। आशंका इस बात की भी है कि वारदात लूट के लिए अंजाम दी गई हो। दरअसल, रोजाना घर जाते और दुकान आते वक्त सराफ अपने साथ गहनों से भरा बैग साथ रखते थे।
ऐसे में इस बात की भी आश्ंाका है कि घटना के वक्त भी वह आभूषण लिए हों, जिन्हें बदमाश लेकर भाग निकले हों। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल घायल व्यापारी की हालत काफी गंभीर है। ऐसे में अभी कुछ स्पष्ट कहा नहीं जा सकता। सीओ मेजा उमेश कुमार शर्मा का कहना है कि घरवालों से पूछताछ के साथ ही जांच पड़ताल की जा रही है।
भाजपा का कार्यकर्ता भी है सराफ
जांच पड़ताल में पुलिस को यह भी पता चला कि भुक्तभोगी व्यापारी भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता भी है। हालांकि फिलहाल कोई चुनावी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अफसरों ने बताया कि चुनाव से जुड़ी किसी रंजिश के बाबत अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है।