भारतीय रेलवे यात्रियों को स्टेशनों पर ही आधुनिक और बेहतरीन सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसके तहत प्रयागराज जंक्शन, गोविंदपुरी और अलीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर रूफ टॉप रेस्टोरेंट बनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सुविधा को वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर धरातल पर उतारने की योजना है, जिसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को लजीज व्यंजन का लुत्फ उठाने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि यह स्टेशनों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उनके कायाकल्प में भी अहम भूमिका निभाएगा।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन रेस्टोरेंट्स के निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड में बनी नई बिल्डिंग की छत पर रूफ टॉप रेस्टोरेंट बनेगा। इसी तरह अलीगढ़ में भी सेकंड इंट्री साइड वाली बिल्डिंग में एवं कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन की भी बिल्डिंग की छत पर रूफ टॉप रेस्टोरेंट बनाएं जाने की तैयारी चल रही है। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि वाणिज्य विभाग की ओर से इस संबंध में टेंडर प्रक्रिया आने वाले दिनों में की जा सकती है।