फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : गुजरात का रहने वाला रोहित था रेलकर्मी का हत्यारोपी, जंक्शन पर वारदात करने वाले की हुई पहचान

Sat, 12 Jul 2025 07:00 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

जंक्शन पर रेलकर्मी की रॉड मारकर हत्या करने के बाद भाग कर ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसलकर पहिए के नीचे आकर जान गंवाने वाले युवक की पहचान हो गई है। वह गुजरात के बनासकांठा जिले के गोठाडा गांव का निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार रताजी था
विज्ञापन
रोहित कुमार। फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जंक्शन पर रेलकर्मी की रॉड मारकर हत्या करने के बाद भाग कर ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसलकर पहिए के नीचे आकर जान गंवाने वाले युवक की पहचान हो गई है। वह गुजरात के बनासकांठा जिले के गोठाडा गांव का निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार रताजी था। उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज और दाहिने हाथ पर गुदे अंग्रेजी के अक्षरों आईएमआर के आधार पर की गई। शनिवार को मोर्चरी पहुंचकर पिता रताजी व अन्य परिजनों ने शव की पहचान की।

पिता ने बताया कि चार बेटों में दूसरे नंबर का रोहित मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाता था। छह जुलाई को वह यह कहकर घर से निकला था कि वह ससुराल जा रहा है जो राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में है। मेवाड़ गुजरात की सीमा पर स्थित है और उनके गांव के करीब ही स्थित है। पिता के मुताबिक आठ जुलाई को वह ससुराल से यह कहकर निकल गया किया कि वह घर लौट रहा है लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

10 जुलाई की सुबह जीआरपी प्रयागराज से फोन आया। रेलकर्मी की हत्या व युवक की खुदकुशी की घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह मोबाइल वारदात को अंजाम देने वाले युवक के शव के पास मिला था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपी युवक की तस्वीर व उसके हाथ पर आईएमआर गुदा होने की जानकारी मिलने पर संदेह गहरा गया कि वह रोहित हो सकता है। इसके बाद उन्हें प्रयागराज बुलाया गया।

शनिवार को पिता व अन्य परिजन मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान बेटे रोहित के रूप में की। जीआरपी अधीक्षक प्रशांत कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान उसके पिता ने की है। उन्होंने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया जिसके बाद वह गुजरात रवाना हो गए।

यह है मामला

नौ जुलाई की रात 9:20 बजे जंक्शन के प्लेटफॉर्म सात/आठ पर ड्यूटी कर रहे मैकेनिकल हेल्पर अमित कुमार पटेल पर अज्ञात युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया था जिससे उनकी मौत हो गई थी। बीचबचाव करने पहुंचे आरपीएफ जवान माधव सिंह को भी रॉड से वारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। इसके बाद वहां मौजूद यात्रियों के दौड़ाने पर उसने भाग कर पूर्वा एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास किया जिस दौरान पैर फिसलने से वह ट्रेन के नीचे आ गया। यात्रियों ने उसे खींचने का प्रयास किया लेकिन पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें