अरैल बांध रोड सेल्फी प्वाइंट के सामने रविवार रात अचानक बीचो बीच धंस गई। अचानक छह से आठ फिट सड़क धंसने से एक वृत्ताकार गोला बन गया। वहीं इसे देखते हुए उसे बैरिकेट कर दिया गया। यह बांध रोड कई साल पहले बनाई गई थी। वहीं महाकुंभ के दौरान इससे सटाकर एक नई सड़क बनाई गई थी। बीते दिनों बाढ़ का पानी आने के कारण यह सड़क आधा दर्जन स्थानों पर बैठ गई थी, जिसके बाद कार्रवाई संस्था तटबंध पर बोरियां और गड्ढों को मिट्टी से भरकर इसे छिपाने का प्रयास किया था।
महाकुंभ के दौरान अरैल क्षेत्र में करोडों रुपये खर्च कर कई विकास कार्य कराए गए थे। लेकिन पहली बारिश और बाढ़ के कारण सड़क के आस-पास जल भराव होने के कारण कार्य की गुणवत्ता की पोल खुल गई थी। पिछले हफ्ते महर्षि आश्रम के सामने करीब बीस फिट सड़क धंस गई थी, जिसके चलते करीब पचास फिट की दीवार भी जमीदोज हो गई। इसकी मरम्मत चल ही रही है कि भगवान नरसिंह मंदिर के सामने पुराना तटबंध मार्ग धंस गया, जबकि इस मार्ग पर दिनभर में हजारों छोटे बड़े वाहनों का आवागमन होता है।