शंकरगढ़। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित लाला का पुरवा में स्थापित आरओ प्लांट का शनिवार को अधिशासी अधिकारी अमित कुमार एवं चेयरमैन प्रतिनिधि छेदीलाल कोटार्य ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई तथा जल आपूर्ति की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिशासी अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आरओ प्लांट का संचालन तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करने को कहा। चेयरमैन प्रतिनिधि छेदीलाल कोटार्य ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वह आरओ प्लांट से प्राप्त स्वच्छ जल का उपयोग करें तथा जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दें। आरओ प्लांट पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा था। बोरिंग खराब होने के कारण जल आपूर्ति बाधित थी और पाइपलाइन में दूषित पानी आने लगा था। नगर पंचायत प्रशासन ने समस्या का समाधान करते हुए लगभग 200 मीटर दूर नई बोरिंग कराई तथा पाइपलाइन को उससे जोड़कर व्यवस्था को सुचारु किया। साथ ही प्लांट संचालन के लिए कर्मचारियों की तैनाती भी की गई।