धूमनगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली आठ साल की बच्ची से बुधवार को दुष्कर्म का प्रयास किया गया। आरोप है सेना से सेवानिवृत्त आरोपी ने बच्ची को बिस्कुट का लालच देकर घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। धूमनगंज पुलिस ने आरोपी प्रभु नारायण सिंह (50) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मूलरूप से गाजीपुर के थाना गहमर का रहने वाला प्रभु नारायण धूमनगंज में किराना की दुकान चलाता है। बुधवार को क्षेत्र की एक बच्ची दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां दुकान पर पहुंच गई। उन्हें दुकान का शटर बंद मिला, जिसे खटखटाने पर वह खोला गया तो बच्ची अंदर मिली। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। दुकानदार प्रभु नारायण सिंह की पिटाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
घटना से नाराज लोगों ने एफआईआर दर्ज किए जाने में देरी पर थाने में हंगामा किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया और बच्ची के घरवालों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। आरोपी प्रभु नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।