प्रयागराज। प्रयागराज के ऐसे व्यापारी जिन्होंने 1 जुलाई 2017 के बाद से किन्ही कारणों से अपना जीएसटीआर 3बी फॉर्म नहीं भरा है तो उन्हें अब घबराने की जरूरत नहीं। प्रयागराज के ऐसे सैकड़ों व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। जीएसटीआर-3बी ना भरने की वजह से उनके ऊपर जो हजारों रुपए की लेट फीस थी वह अब कम कर दी गई है। ऐसे व्यापारियों को अब ₹500 की ही लेट फीस देनी होगी। इस संबंध में सरकार द्वारा उचित दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। कैट की ओर से लगातार मांग की जा रही थी कि ऐसे व्यापारी जिन्होंने जीएसटीआर 3बी नहीं भरा है उन्हें राहत मिलनी चाहिए और उनके ऊपर जो हजारों रुपए की लेट फीस है वह कम की जाए। कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने बताया कि जुलाई 2017 के बाद बहुत से व्यापारी किसी भी कारण से अपना जीएसटीआर 3 बी नहीं भर पाए थे । कुछ ऐसे भी थे जो फॉर्म भरना भी चाह रहे थे तो एक तरफ सरकार ने पोर्टल को उनके लिए बंद कर रखा था दूसरी तरफ बहुत ज्यादा लेट फीस भी लग रही थी ।ऐसे में जो व्यापारी रिटर्न भरना चाह रहा था वह भी नहीं भर पा रहा थे ।इसको लेकर कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स जीएसटी काउंसिल और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर एवं कस्टम विभाग में लगातार मांग रखी थी। जिससे पिछली जीएसटी काउंसिल की मीटिंग में ऐसे व्यापारियों को जुलाई 2017 से जनवरी 2020 तक का रिटर्न 30 सितंबर के पूर्व फाइल करने की छूट दी थी। इसके अलावा आज सरकार द्वारा इस बात के निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि जुलाई 2017 से जून 2020 तक के प्रत्येक रिटर्न पर ₹500 से अधिक की लेट फीस नहीं ली जाएगी । व्यापारियों के लिए बहुत बड़ी राहत है प्रयागराज में ही तकरीबन 1500 व्यापारियों को इसका लाभ मिलेगा ।