बीएसए के रिक्त पदों पर अटकी भर्ती ० खाली पदों की सूचना देने से कतरा रहा विभाग, राज्य सूचना आयोग पहुंचा मामला ० अभ्यर्थियों की मांग, पीसीएस-२०२० में शामिल किए जाएं बीएसए के रिक्त पद
प्रयागराज। प्रदेश में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के कई पद रिक्त पड़े हैं और इन खाली पदों भर्ती फंसी हुई है। अभ्यर्थियों की मांग है कि पीसीएस-२०२० के तहत बीएसए के रिक्त पदों पर भर्ती की जाए, लेकिन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को अब तक बीएसए के रिक्त पदों का अधियाचन नहीं मिला हे। अभ्यर्थियों ने जनसूचना अधिकार के तहत बीएसए के रिक्त पदों के बारे में जानकारी मांगी थी। कोई कार्यवाही न होने पर अभ्यर्थियों ने राज्य सूचना आयोग में अपील की है।
पीसीएस-२०२० के तहत यूपीपीएससी को तकरीबन २०० पदों का अधिचायन मिला है लेकिन इसमें बीएसए के पद नहीं हैं, जबकि अभ्यर्थियों का दावा है कि प्रदेश में बीएसए के पद बड़ी संख्या में खाली हैं। अभ्यर्थी इन रिक्त पदों पर भर्ती की मांग कर रहे हैं। प्रतियेागी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी अवनीश पांडेय ने जनसूचना अधिकार के तहत रिक्त पदों के बारे में बेसिक शिक्षा विभाग से जानकारी मांगी थी लेकिन विभाग की ओर सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। अवनीश ने पूछा था कि उत्तर प्रदेश शासन के अधीन बीएसए के कुल कितने पद रिक्त हैं। साथ ही पूछा था कि प्रदेश में बीएसए के पदों की कितनी संख्या है? उन सभी बीएसए की सूची मांगी थी जिनके पास एक से अधिक जिले का प्रभार है। इसके अलावा उन सभी बीएसए का नाम और उनके तैनाती वाले जिलों की जानकारी मांगी थी जो एक ही जगह तीन वर्ष से अधिक समय से जमे हुए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गई, जिसके बाद अवनीश ने राज्य सूचना आयोग में अपील की है।
राज्य सूचना में इस मामले की सुनवाई पिछले साल नौ सितंबर को हुई, जिसमें १५ दिनों के भीतर सूचना न देने पर जुर्माने का आदेश दिया गया। मामले में अगली सुनवाई के लिए राज्य सूचना आयोग ने पांच फरवरी २०२० की तिथि निर्धारित की थी , लेकिन इस तिथि पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद कोविड-१९ महामारी का प्रकोप तेजी से फैलने लगा और पूरे देश में लॉक डाउन घोषित कर दिया गया। अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं कि बेसिक शिक्षा विभाग रिक्त पदों की सूचना देने से क्यों कतरा रहा है। अगर विभाग रिक्त पदों का अधियाचन यूपीपीएससी को भेज देता है तो इससे अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर बढ़ जाएंगे। अवनीश एवं अन्य प्रतियोगी छात्रों ने शासन और आयोग के अध्यक्ष से मांग की है कि बीएसए के रिक्त पदों को भी पीसीएस-२०२० की भर्ती में शामिल किया जाए।