करनाईपुर क्षेत्र के कहली कुशहरा गांव में खेत में तोड़ते बैगन
। बैंगन की खेती करने वाले किसान इन दिनों गिरते बाजार भाव से परेशान हैं। स्थानीय बाजारों और मंडियों में बैंगन मात्र 10 से 15 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कहली कुशहरा गांव के किसानों का कहना है कि इतनी कम कीमत मिलने से बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी पर आई लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। किसान रामप्रकाश पटेल ने बताया कि करीब दो माह पहले बैंगन 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, जिससे अच्छी आमदनी हो रही थी। लेकिन इन दिनों कीमतों में भारी गिरावट आने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। कृषि प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बाजार में भाव कम मिल रहा है। उम्मीद है कि अच्छी बारिश होने के बाद अन्य सब्जियों की आवक कम होगी और बैंगन के दाम में बढ़ोतरी होगी।