कश्मीर के लिए प्रयागराज से यात्रियों की बुकिंग एक बार फिर बढ़ने लगी है। टूर ऑपरेटरों के यहां लोग बुकिंग के लिए पहुंच रहे हैं। इसका असर जम्मू, उधमपुर और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाली ट्रेन पर भी दिखने लगा है। अगले कई दिन प्रयागराज से इन शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची के साथ कुछ तिथियों में आरक्षण रिग्रेट हो गया है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रयागराज से कई लोगों ने कश्मीर की बुकिंग निरस्त करवा दी थी। अब घाटी में हालात सामान्य होने के बाद लोगों ने वहां का रुख करना शुरू कर दिया है। खासकर वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने के बाद लोग श्रीनगर तक ट्रेन से ही जाना पसंद कर रहे हैं। इससे टूर ऑपरेटरों के लिए चेहरे खिल गए हैं। ट्रैवेल्स सेफ के संदीप मिश्रा ने बताया कि श्रीनगर के लिए शुरू हुई वंदे भारत के बाद वहां जाने वालों की संख्या बढ़ने लगी। उन्होंने कहा कि हमारे यहां जो लोग बुकिंग के लिए आ रहे हैं वह कटड़ा रेलवे स्टेशन से श्रीनगर तक वंदे भारत से जाने की डिमांड कर रहे हैं।
इसी तरह विशाल कनौजिया ने बताया कि डल झील का किनारा हो या गुलमर्ग की वादियां, पहलगाम हो या सोनमर्ग, भय समाप्त होने के बाद लोग कश्मीर की तरफ रुख कर रहे हैं। इसी वजह से जम्मू मेल, मुरी एक्सप्रेस, उधमपुर एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में अगले कई दिन कंफर्म बर्थ भी उपलब्ध नहीं है। सिविल लाइंस के प्रशांत वत्स ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ तीन जुलाई को श्रीनगर जा रहे हैं। इसी तरह कारोबारी विवेक सिंह भी अपने कुछ दोस्तों के साथ दो जुलाई को विमान से दिल्ली एवं दिल्ली से श्रीनगर जाएंगे।