किसानों को मुआवजा दिए बगैर अंधियारी गांव के पास राम वन-गमन मार्ग के लिए जमीन अधिग्रहण करने पहुंचे निर्माण संस्था के अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरंभ होते ही कार्य को रुकवा दिया। जानकारी होने पर संस्था के प्रबंध हरीश हिमानिया हलका लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे गए। ग्रामीणों का मनाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध के कारण निर्माण कार्य रोकना पड़ा।
राम वनगमन मार्ग पर कार्य प्रगति पर है। बृहस्वापतिवार को दिन में करीब 11 बजे अंधियारी गांव के पास कंस्ट्रक्शन कंपनी के पदाधिकारी मजदूरों को लेकर पिलर गाड़ना शुरू किया था।
जानकारी होने पर गांव के दर्जनों लोग इकट्ठा होकर निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। बच्चा पाल, सुखलाल, पवन कुमार, शिवमूरत, राजमूरत, आनंदी प्रसाद आदि ग्रामीणों को कहना है कि सरकार ने अभी तक किसानों को मुआवजा नहीं दिया है। विरोध प्रदर्शन को देख विभाग के कर्मचारियों ने प्रबंधक को इसकी जानकारी दी।
प्रबंधक हरीश हिमानिया हलका लेखपाल जीतलाल के साथ मौके पर पहुंच गए। लेखपाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि तहसील स्तर पर सभी काश्तकारों के मुआवजे की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। जल्द ही काश्तकारों के बैंक खाते में उनका मुआवजा पहुंच जाएगा। लेखपाल और प्रबंध के मनाने पर भी ग्रामीण नहीं माने, इस लिए निर्माण कार्य को बंद करना पड़ा। बता दें कि अंधियारी ग्रामसभा के दर्जनों किसानों का मुआवजा उनके खाते में आ चुका है।