सबकुछ ठीक रहा तो महाकुंभ 2025 के पूर्व प्रयागराज एयरपोर्ट का रनवे भी कैट थ्री लाइट से लैस हो जाएगा। कैट थ्री लाइट लगने से कम दृश्यता में भी एयरपोर्ट के रनवे पर विमान टेकऑफ और लैंड हो सकेंगे। यहां कैट थ्री लाइट लगाए जाने का प्रस्ताव उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंघिया को भेजा गया है। बताया जा रहा है कि महाकुंभ को देखते हुए इस लाइट को लगाए जाने की मंजूरी मिल सकती है।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर पिछले माह कोहरे की वजह से विमानों के संचालन पर खासा असर पड़ा। कम दृश्यता होने की वजह से जनवरी 24 में यहां 160 विमान निरस्त हुए। इससे यात्रियों को खासी परेशानी हुई। दरअसल प्रयागराज एयरपोर्ट के रनवे पर अभी कैट टू लाइट ही लगी है। कैट टू लाइट पर न्यूनतम 350 मीटर की दृश्यता पर ही विमानों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन इस बार घने कोहरे में यह लाइट बिल्कुल भी काम नहीं आई, क्योंकि दृश्यता कई दिन 50 मीटर से भी कम रही।
प्रदेश में अभी लखनऊ एयरपोर्ट ही एकमात्र एयरपोर्ट है जहां रनवे पर कैट थ्री लाइट लगी है। इसी वजह से पिछले माह कोहरे की वजह से प्रदेश के अन्य एयरपोर्ट के मुकाबले लखनऊ जाने वाले विमानों का निरस्तीकरण कोहरे की वजह से कम ही रहा। अगले वर्ष प्रयागराज में महाकुंभ मेले का आयोजन है। मेले के पूर्व प्रयागराज से कई शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होनी है।
जनवरी 25 में संभावित कोहरे को देखते हुए यहां आने वाले विमान कम से कम निरस्त हो इसके लिए यहां कैट थ्री लाइट लगाए जाने का प्रस्ताव एयरपोर्ट सलाहकार समिति की चेयरमैन एवं सांसद केशरी देवी पटेल ने उड्डयन मंत्री को दिया है। सांसद ने कहा कि उन्होंने यहां कैट थ्री लाइट लगाए जाने का आग्रह किया है। ताकि कम दृश्यता पर भी एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन सुगम रहे।