प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन के आरक्षण केंद्र में टिकट दलालों द्वारा यात्रियों की पिटाई किए जाने के मामले में तीन दिन बाद भी आरपीएफ के अधिकारी आरोपियों को नहीं पकड़ पाए हैं। सीसीटीवी फुटेज होने के बाद भी आरपीएफ दलालों को नहीं पकड़ सकी है।
पांच जुलाई की रात कुंडा से आए दिव्यांग रफीक अहमद और फाफामऊ निवासी उमेश सिंह तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगे थे। लाइन में लगा देख टिकट दलालों ने पहले उन्हें वहां से जाने को कहा। जब वे नहीं गए तो दलालों ने उनकी पिटाई कर दी। आरक्षण केंद्र में हुई यह घटना सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हो गई। फिर भी आरोपी दलाल आरपीएफ की पकड़ से दूर हैं।
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज से मारपीट करने वाले दलालों की पहचान भी हो गई है। जंक्शन से कुछ दूर ही उनकी दुकानें हैं। इस बारे में आरपीएफ इंसपेक्टर एसके सिंह का कहना है कि जिन लोगाें ने यात्रियों पर हमला किया उनकी पहचान की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।