सार
प्रयागराज में सड़क पर स्टंट कर रील बनाना चार वाहन स्वामियों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों से वाहनों की पहचान की। जांच में वीडियो पांच सितंबर को कैंट क्षेत्र में बनाए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चारों वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कुल 20 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया।
प्रयागराज में सड़क पर स्टंट करने का वायरल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए चार पहिया वाहनों के स्टंट के वीडियो का प्रयागराज पुलिस ने संज्ञान लिया है। जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो पांच सितंबर को कैंट के सदर थाना क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान कर पुलिस ने उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में चार वाहन स्टंट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहे थे। सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद वाहनों की पहचान की गई। इनमें यूपी70 एचक्यू 4881 क्रेटा, यूपी70 एचएम 3800 लीजेंडर, यूपी70 एचके 7111 एक्सयूवी 700 और यूपी70 जेबी 2027 इनोवा हाईक्रॉस शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि वाहनों में स्कूली छात्र सवार थे और वे कथित तौर पर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। वाहन स्वामियों और चालकों ने भविष्य में इस तरह की गतिविधि दोबारा नहीं करने का कथन दिया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने प्रत्येक वाहन पर पांच हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया है। साथ ही सभी को भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने वाहन स्वामियों और चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क पर स्टंट अथवा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान भी खतरे में पड़ सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।