नया यमुना पुल पर बृहस्पतिवार देर रात एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक कोचिंग से घर लौट रहा था। मृतक की पहचान अजय पांडेय (25) निवासी नई बस्ती नैनी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अजय देर रात कोचिंग से बाइक से घर वापस आ रहा था। इसी दौरान नए यमुना पुल पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मृतक की शिनाख्त कराकर परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।