मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम रोझियात गांव में किसान ने घरेलू कलह से परेशान होकर बुधवार को घर में पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। किसान को आग की लपटों में लिपटा देख घरवाले सहम गए। काफी कोशिशों के बाद घरवालों ने आग बुझाई और गंभीर हालत में किसान को सीएचसी मऊआइमा पहुंचाया। जहां से एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। वहां बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवराम पटेल (50) वर्ष पुत्र स्व. गयादीन पेशे से किसान थे। बीते कई दिनों से वह पारिवारिक कलह से परेशान थे। परिजनों ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण इलाज चल रहा था। बुधवार सुबह वह घर में पेट्रोल लेकर पहुंचे और बोले-अब जीना नहीं है। जब तक परिजन कुछ समझ पाते किसान ने पूरे शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया।
कमरे से आग की लपटें उठीं तो परिजन सहम गए। उन्होंने किसी तरह से आग बुझाई। किसान को अस्पताल ले जाया गया। जहां बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि शाम को दारागंज घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक को एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इंस्पेक्टर मऊआइमा पंकज अवस्थी का कहना है कि मृतक के परिजनों ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी हैं। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।