झलवा स्थित यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा सृष्टि मिश्रा की मौत का कारण पोस्टमार्टम में भी स्पष्ट नहीं हुआ। रविवार को डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित कर लिया।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में छात्रा के पिता अनुराग मिश्रा समेत अन्य परिजन मौजूद रहे। बहन की मौत से टूट चुके भाई अनुराग मिश्रा ने कहा कि सृष्टि को कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। मिर्गी या थायराइड जैसी बीमारी होने की बात परिवार को कभी नहीं बताई गई।
उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन पहले ही बहन घर से प्रयागराज आई थी और स्वस्थ थी। इतने कम समय में ऐसा क्या हुआ कि उसकी जान चली गई यह समझ से परे है। परिजनों का कहना है कि जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट नहीं होगी। सृष्टि का अंतिम संस्कार दारागंज घाट पर किया गया।
स्लीप एप्निया से मौत की आशंका
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद संभावना जताई कि मौत स्लीप एप्निया जैसी समस्या के कारण हो सकती है, जिसमें नींद के दौरान सांस लेने में रुकावट की स्थिति बन जाती है। हालांकि, अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने वीडियोग्राफी कर कमरा सील करवा दिया है। मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच में पुलिस का पूरा सहयोग किया जा रहा है। एयरपोर्ट थाना राजेश उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया है।