भाजपा का झंडा लगे कार पर प्रदर्शनकारियोंं ने बोला हमला।
- फोटो : अमर उजाला।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में भाजपा के क्षेत्रीय सहसंयोजक (व्यापार प्रकोष्ठ) रविन्द्र कुमार जायसवाल ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ जानलेवा हमले और वाहन में तोड़फोड़ का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 191(2), 324(4) और 109(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर 26 जुलाई 2026 को सिविल लाइंस थाने में दर्ज की गई।
भाजपा नेता रवींद्र कुमार जायसवाल ने आरोप लगाया है कि 25 जुलाई की शाम करीब पांच बजे वह अशोक नगर से लौट रहे थे। जैसे ही वह सुभाष चौराहे के पास पहुंचे थे कि वहां मौजूद बड़ी संख्या में अज्ञात उपद्रवियों ने उनकी कार को भाजपा का झंडा लगा होने के कारण रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने कार में बैठे लोगों को जान से मारने की बात कहते हुए हमला कर दिया। कार के शीशे तोड़ दिए और उन्हें वाहन से बाहर खींचने का प्रयास किया।
शिकायत में कहा गया है कि कार में चालक और उनके साथी शेखर जायसवाल भी मौजूद थे। हमलावरों के हाथों में लाठी, डंडे, रॉड, ईंट और पत्थर थे। हमले में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और शिकायतकर्ता को चोटें भी आईं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से उनकी पहचान संभव है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक शिवम कुमार मिश्रा को सौंपी है।