गोरखपुर डोमिनगढ़ खंड में तीसरी लाइन के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली वंदे भारत और चौरीचौरा समेत कई ट्रेनें बुधवार को निरस्त रही। ऐसे में गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बुधवार को 1000 से ज्यादा आरक्षित टिकट निरस्त हो गए। बताया जा रहा है कि यह दिक्कत 28 सितंबर तक झेलनी पड़ेगी।
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से चौरीचौरा एक्सप्रेस समेत 43 ट्रेनों को पिछले माह निरस्त करने का निर्णय लिया गया था। निरस्तीकरण बुधवार से शुरू हो गया। कुछ ट्रेनें मंगलवार भी निरस्त हुईं। बुधवार को कानपुर अनवरगंज-गोरखपुर (15003) निरस्त रही। यह ट्रेन 28 सितंबर तक निरस्त रहेगी।
इसी तरह गोरखपुर-कानपुर अनवरगंज (15004) 27 सितंबर तक और लोकमान्य तिलक ट.-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस (15017/15018) 28 सितंबर तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (22549/22550) भी 26 सितंबर तक निरस्त कर दी गई है।
यह ट्रेनें भी कैंसिल
बुधवार को दुर्ग-नौतनवा (18201) भी निरस्त रही। नौतनवा-दुर्ग (18202) 26 सितंबर को, नौतनवा-दुर्ग (18206) 27 सितंबर और लोकमान्य तिलक ट.-गोरखपुर (22584) 25 सितंबर को निरस्त रहेगी।