रीवा की रहने वाली रोहिणी ने (40) अपने चार बच्चों समेत मंगलवार को नए पुल से यमुना में छलांग लगा दी। एक साथ पांच लोगों के नदी में कूदने से अफरातफरी मच गई। शोरगुल मचा तो नदी में मौजूद नाविकों ने सभी को एक-एक कर बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक कलह में महिला और उसके बच्चों ने यह कदम उठाया। रोहिणी पत्नी रामकृष्ण मूल रूप से मप्र के रीवा जनपद के नई गढ़ी थाना क्षेत्र स्थित गांगी गांव की रहने वाली है। मंगलवार शाम पांच बजे के करीब वह अपनी बेटियों रुपाली(24), मनाली(22), श्रेया(17) व अंश(14) के साथ नए यमुना पुल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर तक सभी पुल पर टहलते रहे और फिर अचानक रेलिंग पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी। पुल से एक साथ पांच लोगों के यमुना में छलांग लगाने की घटना से अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने शोर मचाया तो नदी में मौजूद नाविक सभी को बचाने में जुट गए। गनीमत रही कि उन्होंने एक-एक करके सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। ऊंचाई से गिरने के कारण सभी चोटिल हो गए थे जिसके बाद उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी पर कुछ घंटों बाद रीवा से महिला का भाई भी आ गया। कीडगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला को ज्यादा चोटें आई हैं। बाकी अन्य मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पति करता था मारपीट, नाराज होकर निकली थी घर से महिला के भाई एके द्विवेदी ने आरोप लगाया कि उसका बहनोई कुछ काम नहीं करता है। घर का खर्च चलाने के लिए बहन आंगनबाड़ी कार्यकत्री का काम करती है। आरोप है कि जेठ ने उसके पति के हिस्से की जमीन भी अपने कब्जे में ले ली है। कुछ दिनों पहले जेठ के निधन के बाद उसने उनके बेटों से भी अपने हिस्से की जमीनें मांगी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उधर हिस्सा मांगने के लिए कहने पर पति उल्टा विवाद करने लगता था। इसी से घर में कलह रहती थी जिससे परेशान होकर बहन ने यह कदम उठाया। मामले में पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है।