प्रयागराज। पीसीएस-2023 की मुख्य परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य कर दिया गया है। जो अभ्यर्थी ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करेंगे, पीसीएस मेंस के लिए उन्हीं के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ओटीआर के बाद अभ्यर्थियों से संबंधित सभी जानकारी आयोग के पास उपलब्ध रहेगी।
आयोग ने एक अप्रैल 2023 से सभी अभ्यर्थियों के लिए ओटीआर की व्यवस्था अनिवार्य कर दी है। पीसीएस-2023 के लिए आवेदन की प्रक्रिया दो मार्च 2023 से शुरू हुई थी। तब ओटीआर अनिवार्य नहीं था, सो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने बिना ओटीआर के पीसीएस-2023 के लिए आवेदन किए थे।
आयोग के कैलेंडर में पीसीएस-2023 की मुख्य परीक्षा 23 सितंबर से प्रस्तावित है। आयोग के मीडिया प्रभारी विनोद गौड़ का कहना है कि पीसीएस-2023 की मुख्य परीक्षा के आवेदन से पहले सभी अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से ओटीआर कराना होगा।
आयोग ने पीसीएस के 173 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। बाद में पदों की संख्या बढ़कर 254 हो गई। पीसीएस-2023 के लिए 5,65,459 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 3,45,022 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे। वहीं, 4047 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। इनमें से जिन्होंने ओटीआर नहीं कराया था, उन्हें अब यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।