नए वर्ष के तीसरे दिन बुधवार को खराब मौसम की वजह से प्रयागराज एयरपोर्ट पर आने वाले सभी विमान निरस्त हो गए। दृश्यता ठीक न होने की वजह से मुंबई उड़ान प्रयागराज आने के बजाय कोलकाता के लिए डायवर्ट कर दी गई।
एयरपोर्ट पर मंगलवार को ही बीते दस दिनों के दौरान पहली बार सभी विमानों का आवागमन हुआ था। इससे यही लगा कि अब आगे भी विमानों का संचालन बेहतर ही रहेगा। वहीं, अगले दिन ही खराब दृश्यता की वजह से एयरपोर्ट में एक भी विमान की आवाजाही नहीं हो सकी। इसे लेकर यात्रियों ने भी खूब हो हल्ला किया। एयरपोर्ट पर इंडिगो के शेड्यूल के हिसाब से सिर्फ बंगलूरू उड़ान निरस्त होने की घोषणा एक दिन पहले की गई थी।
बुधवार को मुंबई, दिल्ली, भुवनेश्वर, भोपाल, देहरादून, लखनऊ के यात्री एयरपोर्ट पहुंचे। पहले यात्रियों को यही बताया गया कि मुंबई उड़ान विलंब से यहां आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विमान की लेटलतीफी लगातार बढ़ाई जाती रही। अंत में मुंबई से उड़ा विमान कोलकाता के लिए डायवर्ट हो गया। बाद में एक-एक करके सभी विमान निरस्त कर दिए गए। इंडिगो के शेड्यूल के हिसाब से बुधवार को 14 विमान निरस्त हुए। बताया जा रहा है कि अगर बृहस्पतिवार को मौसम साफ न हुआ तो एक बार फिर से विमानों का निरस्तीकरण हो सकता है।