कोहड़ारघाट क्षेत्र के मई गांव में बृहस्पतिवार को सुबह सड़क किनारे नल से पानी पीने गए दो वर्षीय मासूम रंजीत को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इसके बाद चालक ने मानवता की हदें पार करते हुए बच्चे के सिर पर भारी पत्थर रखकर भा गया। अस्पताल ले जाते समय मासूम की रास्ते में मौत हो गई।
मई गांव के हरिजन बस्ती निवासी जोगेन्द्र हरिजन का 2 वर्षीय पुत्र रंजीत बृहस्पतिवार को सुबह घर के पास सड़क किनारे लगे नल में पानी पीने गया था। इसी दौरान अनियंत्रित गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। रंजीत के साथ मौजूद दूसरे बच्चे ने दौड़कर परिजनों को खबर दी।
जब तक परिजन मौके पर पहुंचते, ट्रैक्टर चालक मासूम के सिर पर एक बड़ा पत्थर रखकर वहां से भाग गया। खून से लथपथ रंजीत को देख परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजन उसे शहर के अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में छोटा था।
पिता जोगेन्द्र ट्रक चालक हैं। इस दौरान बेटे की मौत के बाद मां पार्वती देवी का हाल बेहाल था। उसने प्रशासन से दोषियों को कड़ी सजा देने की गुहार लगाई। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी चालक के घर से ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। हालांकि, घटना के बाद से ही चालक और उसके घर के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
मेजा थाने के उपनिरीक्षक सचिन कुमार गुप्ता ने बताया की ट्रैक्टर चालक नीरज निषाद पुत्र समर जीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया की घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही परिजन बच्चे को अस्पताल के लिए निकल चुके थे। घटनास्थल पर पत्थरो का ढेर पाया गया लेकिन पोस्टमार्टम के बाद ही बच्चे के मृत होने का कारण पता चल पाएगा।