कोरांव थाना क्षेत्र के मानपुर हडिया गांव में रविवार को कुत्तों के झुंड के हमले से नौ वर्षीय मासूम बुरी घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल स्वरूप रानी नेहरू के लिए रेफर कर दिया गया है।
सुनील यादव (9) पुत्र शिवसेवक यादव घर से शाम चार बजे साइकिल लेकर गांव की ओर निकला था। थोड़ी दूर पर सड़क किनारे कुत्तों के झुंड ने उसपर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से सहमा बच्चा सड़क पर गिर गया और कुत्ते उसके शरीर को नोचने लगे। इसी दौरान सुनील की एक आंख में भी चोट लग गई। लोगों ने डंडा मारकर कुत्तों को भगाया।
जानकारी मिलने पर परिजन गंभीर हालत में मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पिता शिव सेवक ने बताया कि बच्चा कक्षा पांच में पढ़ता है। घर से साइकिल लेकर सड़क पर पहुंचा ही था कि कुत्तों के झुंड ने उसपर हमला कर दिया। सीएचसी के डॉ. अखिलेश शुक्ला ने बताया कि रविवार को दो मामले कुत्तों के काटने के आए हैं। गंभीर हालत में बच्चे को एसआरएन रेफर किया गया है।