प्रयागराज साइबर पुलिस ने हाईस्कूल और इंटर की फर्जी मार्कशीट बनाकर बेचने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से आजमगढ़ निवासी राजमन गोंड पुत्र कैलाशनाथ गोंड है। आरोपी इन दिनों क्रिस्टल अपार्टमेंट ए विंग फ्लैट नं-104 थाना चिनहट लखनऊ पूर्वी में रह रहा था। 37 वर्ष के राजमन के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। पकड़े गए शातिर ने पूछताछ में बताया कि कई वर्षों से वह फर्जी मार्कशीट तैयार कर छात्र–छात्राओं को सप्लाई कर रहा था। इन जाली मार्कशीटों का इस्तेमाल खासकर दूसरे प्रदेशों में किया गया।