प्रयागराज में महाकुंभ के कुंभ कलश का पूजन करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को संगम पर कुंभ कलश की पूजा करेंगे। पूजन में उनके साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जेटी पर मौजूद रहेंगे।इसके लिए वेद ज्ञाता सात आचार्यों की सूची एसपीजी को सौंप दी गई है। 20 मिनट तक पूजा के बाद पीएम गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की पावन त्रिवेणी की आरती भी उतारेंगे।
संगम पर अभेद्य सुरक्षा के बीच प्रधानमंत्री की पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। एसपीजी को पूजा कराने वाले पुजारियों की सूची सौंप दी गई है। काली मछली झंडा निशान वाले तीर्थपुरोहित दीपू मिश्रा के आचार्यत्व में सात वेदज्ञ विद्वान विशेष पूजा करने के दौरान मंत्रोच्चार करेंगे। इसके लिए तैयार की गई भव्य जेटी पर मंत्रोच्चार के साथ गौरी-गणेश का पूजन होगा।
इसके बाद पीएम मोदी कुंभ कलश की सविधि पूजा करेंगे। इसी क्रम में वह त्रिवेणी पूजन भी करेंगे। कुंभ कलश की पूजा के लिए सामग्री भी तैयार कर ली गई है। प्रधानमंत्री करीब 20 मिनट तक कुंभ कलश की पूजा के बाद त्रिवेणी की आरती उतारेंगे। इस दौरान वह विश्व शांति और मंगल का संकल्प भी लेंगे।
मानवता की अमूर्त धरोहर और विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन महाकुंभ के निर्विघ्न पूरा होने की पीएम कामना भी करेंगे। पीएम जब पूजा करेंगे, तब जल, थल और नभ से तीन चरणों में अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाकर निगरानी होती रहेगी। प्रधानमंत्री संगम से मेला क्षेत्र की बसावट को भी निहारेंगे। वह ज्ञान की गहरी जड़ों की प्रतिमूर्ति अक्षयवट को भी नमन करेंगे।