विहिप का राममंदिर का मॉडल
- फोटो : अमर उजाला
बताया जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन में प्रधानमंत्री मोदी ताम्र कलश स्थापित करेंगे। मंदिर की नींव पूजन में प्रयुक्त होने वाले ताम्र कलश में वैदिक रीति के मुताबिक संगम के जल के अलावा गंगा जल के साथ सभी तीर्थों के जल, सर्वऔषधि, पंच रत्न, जिनमें- हीरा, पन्ना, माणिक, सोना और पीतल रखे जाएंगे।
यहां वैदिक वास्तु पूजन और विधान के अनुसार कलश स्थापित करने के बाद नंदा, भद्रा, जया, रिक्ता और पूर्णा नाम की पांच ईंटों/ शिलाओं की पूजा की जाएगी। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी बताते हैं कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार अयोध्या पहुंच रहे हैं जो कि भूमि पूजन की वजह से ऐतिहासिक तिथि में शुमार होने जा रहा है।
भूमि पूजन के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने बताया कि प्रयागराज से भूमि पूजन के लिए संगम का जल लेकर कौन जाएगा यह एक दो दिन में तय हो जाएगा।