सार
जिले के तकरीबन 60 किलोमीटर एरिया को नेशनल हाईवे टच कर निकलता है। हाईवे पर रोजाना हादसे होते हैं। हादसे में घायलों को त्वरित उपचार के लिए प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सिराथू तहसील के नरसिंहपुर कछुआ गांव के समीप हाईवे किनारे सात जनवरी 2022 को दो करोड़ 10 लाख 92 हजार की लागत से ट्रॉमा सेंटर के निर्माण का शुभारंभ किया था।
नरसिंहपुर कछुआ स्थित ट्रामा सेंटर में क्षतिग्रस्त दीवार।
- फोटो : संवाद
तहसील के नरसिंहपुर कछुआ में नेशनल हाईवे-दो पर बने नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर की दीवार का प्लास्टर व टाइल्स टूट कर गिर गया। हादसे में अस्पताल की महिला स्टाफ नर्स समेत दो लोग जख्मी हो गए। 2.11 करोड़ की लागत से निर्मित इस ट्रॉमा सेंटर का छह माह पहले ही हैंडओवर किया गया था। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिले के तकरीबन 60 किलोमीटर एरिया को नेशनल हाईवे टच कर निकलता है। हाईवे पर रोजाना हादसे होते हैं। हादसे में घायलों को त्वरित उपचार के लिए प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सिराथू तहसील के नरसिंहपुर कछुआ गांव के समीप हाईवे किनारे सात जनवरी 2022 को दो करोड़ 10 लाख 92 हजार की लागत से ट्रॉमा सेंटर के निर्माण का शुभारंभ किया था।
ट्रॉमा एंड मास कैजुअल्टी प्रबंधन योजना के तहत डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ से सुसज्जित ट्रॉमा सेंटर का निर्माण राजकीय निर्माण निगम ने कराया था। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य पूरा कर इसी साल सात जनवरी को स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर किया था। अभी ट्रॉमा सेंटर का कायदे से संचालन भी नहीं शुरू हुआ और इसकी दीवारें, प्लास्टर दरकने लगे।
शुक्रवार को ट्रॉमा सेंटर की छत का प्लास्टर व टाइल्स भरभराकर गिर गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स गीता देवी व अस्पताल में इलाज कराने आईं सुमित्रा देवी जख्मी हो गईं। चोटिल महिलाओं का अस्पताल में तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया। ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि अस्पताल के संचालन के समय अचानक भवन का प्लास्टर व टाइल्स टूट कर गिर गया।
विधायक पल्लवी पटेल ने उठाया था गुणवत्ता पर सवाल
सिराथू की सपा विधायक पल्लवी पटेल ने पिछले साल ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया था। उस दौरान सपा विधायक ने भी निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।
सात जनवरी को ही कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम ने ट्रॉमा सेंटर हैंडओवर किया था। कार्यदायी संस्था को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दे दिया गया है। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को गड़बड़ी वाले एरिया को छोड़कर भवन इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। - डॉ. संजय कुमार, सीएमओ