इलाहाबाद हाईकोर्ट में शहर में पीने के स्वच्छ पानी की व्यवस्था किए जाने के लिए जनहित याचिका दाखिल की गई है। इसमें स्टैंड पोस्ट लगाकर साफ पानी की व्यवस्था करने, खराब हैंडपंप को ठीक करने, पानी की टंकी को साफ कर साफ पानी भरने आदि की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र कुमार पांडेय, पूर्व सभासद कमलेश सिंह, केसर सिंह पटेल की ओर से अधिवक्ता विजयचंद्र श्रीवास्तव, सुनीता शर्मा, यादवेंद्र पांडेय व प्रियंका श्रीवास्तव ने याचिका दाखिल की। इसमें कहा गया कि शहर का तापमान 40 डिग्री पार कर गया है, लेकिन अब तक प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गई है। हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।
पानी के अभाव में लोगों का गला सूख रहा है। मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव व नगर आयुक्त को ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीएम, महाप्रबंधक जलकल विभाग, नगर आयुक्त, महापौर आदि को पक्षकार बनाया गया है।