प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान रोडवेज के प्रयागराज रीजन ने दो दिन में दो करोड़ कमाए। इस दौरान तकरीबन 1.74 लाख लोगों ने रीजन की बसों से सफर किया। पीईटी का आयोजन छह एवं सात सितंबर को प्रयागराज समेत प्रदेश के अन्य जिलों में हुआ। प्रयागराज में 96 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों का सेंटर रहा। इसमें से काफी संख्या में परीक्षार्थियों की आवाजाही रोडवेज की बसों से हुई। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार का कहना है कि इन दो दिनों के दौरान 1.74 लाख लोगों ने रोडवेज बसों में सफर किया। इसमें परीक्षार्थियों की भी काफी संख्या रही। सामान्य दिनों में रीजन की औसतन कमाई 50 से 55 लाख ही रहता है।