उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा शुक्रवार को दो पालियों में आयोजित की गई है। कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच पहली पाली की परीक्षा शुरू हो गई है। मौसम खराब होने के कारण अभ्यर्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश और बूंदाबांदी के चलते अभ्यर्थी छाता लेकर और रेन कोट पहनकर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। प्रयागराज में 48 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पाली में आयोजित कराई जा रही है। दरअसल, इस परीक्षा के लिए तीन दिन का दिन तय किया गया है। पहले दिन 25 अक्तूबर को परीक्षा हुई थी। अब दूसरे दिन की परीक्षा आज हो रही है। तीसरे और अंतिम दिन की परीक्षा एक नवंबर को होनी है।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगी। जनपद में कुल छह पालियों में 1,13,472 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पाली में 18,912 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व सह केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी व संवेदनशीलता के साथ परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें केंद्र के अन्दर जाने की अनुमति दी जाएगी। किसी भी संदिग्ध वस्तुओं को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।