इन क्षेत्रों में दिन के वक्त भीषण उमस रही और बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे लोग पसीने से तरबतर दिखे। हालांकि, रात नौ बजे के आसपास जॉर्जटाउन, टैगोरटाउन, सोहबतियाबाग, तुलारामबाग, बेलीरोड, जॉर्जटाउन, सिविल लाइंस, कटरा, कीडगंज, अल्लापुर सहित शहर के बड़े हिस्से और गंगापार एवं यमुनापार में गरज के साथ छींटे पड़े। कहीं फुहारें पड़ीं तो कहीं तेज बारिश हुई। हवाएं ठंडी हुईं तो लोगों को उमस से काफी राहत मिली।
मौसम विज्ञान डॉ. शलेंद्र कुमार राय का कहना है कि जलवायु परिवर्तन का नतीजा है कि लगातार बारिश नहीं हो पा रही है और बादल ब्लॉकों में बंट गए हैं। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी दिन बादल छाए रहेंगे और दिन में दो से तीन बार गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने 12 जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना जताई है।