नेहरू पार्क के पास प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने जाह्नवीपुरम आवास योजना पर काम शुरू कर दिया है। शहरियों को जल्द ही इसका लाभ मिलेगा। योजना के तहत 54 एलआईजी और एमआईजी स्तर के प्लॉट की बिक्री होनी है। आवासीय योजना जीटी रोड से नेहरू पार्क जाने वाली रोड की शुरुआत में ही दाहिनी तरफ है। योजना से प्रयागराज रेलवे जंक्शन की दूरी चार किमी के आसपास है। वहीं, सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन की दूरी करीब दो किमी और एयरपोर्ट की दूरी सात से आठ किमी है।
आमतौर पर पीडीए की योजनाएं शहर के बाहरी हिस्सों में स्थापित की गई हैं लेकिन जाह्नवीपुरम आवास योजना शहर के अंदर है। ऐसे में इस योजना के तहत तैयार किए जा रहे प्लॉट की काफी मांग होगी। प्लॉट की बिक्री के लिए पीडीए मई में विज्ञापन जारी कर सकता है।
पानी की पाइप लाइन बिछाने और नाला निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है। सीवर लाइन का काम भी तकरीबन 70 फीसदी पूरा हो चुका है। सड़क व फुटपाथ का सीमांकन किया जा चुका है। सड़क व फुटपाथ बनाने काम भी इसी माह शुरू होने की तैयारी है।
इसके अलावा योजना में पार्क के लिए भी जगह चिह्नित की गई है। प्लाॅट की बिक्री लॉटरी या नीलामी से होगी, यह विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज ने बताया कि योजना पर अभी काम चल रहा है।
पीडीए ने दोबारा सील किए पांच अवैध निर्माण
प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की टीम ने शनिवार को करेली के बक्शी मोड़ा में पांच अवैध निर्माण दोबारा सील किए। पीडीए के जोन-दो के तहत हुई इस कार्रवाई के दौरान तनवीर, अबरार, मकसूद फैज और जुबैद द्वारा कराए गए अवैध निर्माण को फिर से सील किया गया। कार्रवाई में जोनल अधिकारी, अवर अभियंता, सुपरवाजर, पीडीए प्रवर्तन टीम के सदस्य शामिल रहे।