कौशाम्बी जिले के अथसराय और कनवार स्टेशन के बीच माह भर के भीतर दो बार पेंड्रोल क्लिप गायब हो जाने के मामले को रेलवे ने गंभीरता से लिया है। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यहां रात के वक्त पेट्रोलिंग बढ़ाने की तैयारी की है। इसके लिए आरपीएफ को उचित दिशा निर्देश दिए गए हैं। उधर आए दिन पेंड्रोल क्लिप खोले जाने की घटना में पुलिस का संदेह स्थानीय विभागीय कर्मचारियों पर है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे ही कुछ क्लू हाथ लगे हैं। खुफिया एजेंसी भी बार-बार हो रही घटनाओं पर कुछ ऐसा ही संदेह जाहिर कर रही है।
बता दें कि देश के सबसे व्यस्त मार्ग हावड़ा-दिल्ली पर इलाहाबाद जंक्शन से 64 किलोमीटर दूर अथसराय और कनवार रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार रात अप लाइन से 18 पेंड्रोल क्लिप किसी ने निकाल लीं। इसके पहले 15 फरवरी को भी इसी रेलखंड पर 25 पेंड्रोल क्लिप गायब मिली थीं। इन दोनाें ही मामलों की जांच की गई तो एक समानता यह रही कि दोनों बार मौके पर फोटो, पाकेट डायरी आदि मिली। इन सामानों को लेकर जांच में जुटी पुलिस को रेलवे के एक स्थानीय कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। चर्चा है कि जांच के दौरान पुलिस को कई क्लू भी हाथ लगे हैं। एसपी वीके मिश्रा ने कहा कि रेल पटरी से पेंड्रोल क्लिप बार-बार खोले जाने का मामला गंभीर है। यह यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में इस पूरी घटना की बारीकी से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी और पुलिस को परेशान करना ही पेंड्रोल क्लिप खोलने वाले का मकसद है। संभव है कि घटना रेलखंड में तैनात कर्मचारियों की आपसी खींचतान के कारण की जा रही हो। पुलिस एक-एक पहलू की बारीकी से छानबीन में लगी है।
दावा किया कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने रात के वक्त संबंधित रेलखंड के अलावा मंडल के अन्य संवेदनशील रेलखंडों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने की तैयारी की है। सीपीआरओ बिजय कुमार ने कहा कि यह पूरा वाकया ट्रेन पलटाने की साजिश का प्रतीत नहीं हो रहा है। कोई जानबूझकर ऐसा कर रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।