ऐसे व्यापारी जिन्हें प्रयागराज से झांसी के बीच अपने सामान आदि भेजना है, उन्हेें रेलवे ने बड़ी राहत दी है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रेलवे की ओर से प्रयागराज-झांसी पार्सल एक्सप्रेस का संचालन बुधवार से किया जा रहा है। यह ट्रेन 14 अप्रैल तक चलेगी। रेलवे ने इसका ठहराव मानिकपुर, चित्रकूट धाम कर्वी, बांदा, महोबा जंक्शन में भी सुनिश्चित किया है। पार्सल एक्सप्रेस बुधवार की सुबह 6.30 बजे जंक्शन से चलेगी, जो दिन में 1.40 बजे झांसी पहुंच जाएगी। इसी तरह झांसी से पार्सल एक्सप्रेस सुबह 6.30 बजे चलकर दिन में 1.40 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाएगी। एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए व्यापारी इस ट्रेन में अपना सामान भेजने के लिए बुकिंग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी 9794837343 एवं 9794837285 नंबर पर भी कॉल कर सकते हैं।