मुंबई में रहने वाली एक बेटी अपनी मां के निधन पर घर नहीं पहुंची। पुलिस की सहमति के बाद मकान मालिक और रिश्तेदारों ने झूंसी के छतनाग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया। पुरानी झूंसी हवेलिया निवासी गुड्डा ने शनिवार को झूंसी पुलिस को सूचना दी कि उसके मकान में किराये पर रहने वाली 55 वर्षीय महिला सरोज पत्नी स्वर्गीय सीरहु का देहांत हो गया है। बताया कि काम करते वक्त उसे दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सूचना पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लिया।
महिला सरोज देवी मूलत: तियरा थाना मेहनाजपुर जनपद आजमगढ़ की रहने वाली थी। पिछले डेढ़ दशक से वह झूंसी में रह रही थी। पति की मौत के बाद वह चूल्हा-बर्तन करके अपना गुजर-बसर करती थी। मुंबई में रहने वाली इकलौती बेटी भी पिछले कई साल से मां से मिलने नहीं आई थी।
मां के मौत की खबर मकान मालिक गुड्डा और झूंसी पुलिस ने मुंबई में रह रही उसकी बेटी हेमलता को दी लेकिन उसने आने से साफ मना कर दिया। बोला कि पुलिस अंतिम संस्कार करा दे, वह नहीं आ पाएगी। इस पर पुलिस ने यहां पर रहने वाले उसके रिश्तेदारों की सहमति से शव का पहले पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद रविवार को झूंसी के छतनाग घाट पर महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया।