कोरोना संकट की वजह से लॉकडाउन के बीच सेंट जोसेफ कॉलेज में मार्च से ही एलकेजी से बारहवीं तक के छात्रों के लिए यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। लॉकडाउन में पहल करते हुए कॉलेज में दसवीं तथा बारहवीं के छात्रों के लिए ‘माइक्रोसॉफ्ट टीम’ के माध्यम से ‘ऑनलाइन लाइव कक्षाएं’ संचालित की गईं। बदली स्थितियों में छात्र अपने अभिभावकों की निगरानी में अध्ययन कर रहे हैं। ऑनलाइन लाइव कक्षा में पाठ्यक्रम के अनुसार स्टडी मैटेरियल, पीपीटी, वीडियो आदि तैयार करके पढ़ाया जा रहा है। नवाचार के साथ शिक्षक अपनी रचनात्मकता का उपयोग करके अध्ययन सामग्री अपलोड कर रहे हैं। इस सॉफ्टवेयर से छात्रों को नोट्स, होमवर्क, वर्कशीट, असाइनमेंट, टेस्ट पेपर आदि उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानाचार्य फादर थॉमस कुमार ने इस शिक्षा प्रणाली को सुविधाजनक और लचीली बताया क्योंकि यह छात्रों को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करती है। विद्यालय की तरह ही छात्र घर पर बैठकर भी शिक्षक से बातचीत कर सकते हैं।