मीरगंज। विकास खंड शेरगढ़ की ग्राम पंचायत सीहोर में सांड़ के हमले में वृद्ध जागनलाल (65 वर्ष) की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बल्लियां लगाकर मीरगंज-सहोड़ा रोड को बंद कर दिया। जाम की सूचना पर नायब तहसीलदार नम्रता मिश्रा और शाही थाने के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन गांव पहुंचे। समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। करीब एक घंटे बाद रोड से आवागमन शुरू हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि जागनलाल अपने मकान के सामने बैठे थे। वहां आए सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। वृद्ध होने की वजह से वह भाग भी नहीं पाए। सांड़ ने कई बार सींगों से उठाकर उन्हें जमीन पर पटका। सिर में चोट आने की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर-शराबे पर जुटे ग्रामीणों ने लाठियां फटकार कर सांड़ को भगाया।
मृतक के परिवार को मुआवजा देने और छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थल भेजने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। लकड़ी की बल्लियां लगाकर रोड को बंद कर दिया। इस वजह से वहां जाम लग गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई छुट्टा पशु घूमते रहते हैं। आए दिन वह लोगों पर हमला कर देते हैं। अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं। अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीणों ने सड़क से बैरीकेड हटाए।
ग्रामीणों ने नहीं किया सहयोग : वीडीओ
मामले में ग्राम विकास अधिकारी श्रीपाल गंगवार का कहना है कि गांव में घूमने वाले छुट्टा पशुओं को पकड़वाने के लिए उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग मांगा था। ग्राम प्रधान के पति भी आगे नहीं आए। इस वजह से छुट्टा पशु नहीं पकड़े जा सके।