उतर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) कुंभ के आयोजन से पहले आयोग परिसर में एक संग्रहालय खोलने जा रहा है। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। आम लोग भी इस संग्रहालय में जा सकेंगे। इसमें आयोग के इतिहास से जुड़ी तमाम सामग्रियां और दुर्लभ अभिलेख उपलब्ध रहेंगे।
आयोग की तैयारी है कि कुंभ से पहले इस संग्रहालय का निर्माण पूरा करा लिया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसे देख सकें। आयोग अध्यक्ष संजय श्रीनेत की पहल पर बनने जा रहा यह संग्रहालय अपने आप में अनोखा होगा। इसमें आठवीं से 16वीं सदी तक की 30 कलाकृतियां रखी जाएंगी। ये कलाकृतियां आयोग में पहुंचाई जा चुकी हैं।
इसके साथ ही आयोग में फारसी में लिखी दुर्लभ रामायण भी रखी जाएगी। संग्रहालय में संविधान की मूल प्रति की अनुकृति भी प्रदर्शित की जाएगी। सिविल सेवा के जनक सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा भी संग्रहालय में रखी जाएगी। एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना से जुड़ी वस्तुओं को भी संग्रहालय में जगह दी जाएगी।
इसके साथ ही पीसीएस के टॉपर्स की फोटो, आयोग के अध्यक्षों के नाम, आयोग का इतिहास और तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां संग्रहालय में उपलब्ध रहेंगी। आयोग की योजना है कि एक दिन में अधिकतम 50 लोगों को संग्रहालय में प्रवेश दिया जाएगा।
आकर्षण का केंद्र बने सेल्फी प्वाइंट
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में पिछले दिनों दो सेल्फी प्वाइंट तैयार किए गए। एक सेल्फी प्वाइंट पर गौतम बुद्ध की प्रतिमा और दूसरे पर अशोक की लाट बनी हुई है। दोनों सेल्फी प्वाइंट प्रतियोगियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पीसीएस-2022 के इंटरव्यू के दौरान सेल्फी प्वाइंट के सामने एक अभ्यर्थी ने नृत्य करते हुए वीडियाे बनाया था, जो काफी वायरल हुआ और बाद में पीसीएस में उस अभ्यर्थी का चयन भी हो गया।
दूसरे आयोगों के अध्यक्ष भी आएंगे प्रयागराज
पिछले दिनों लखनऊ में आयोजित देश भर के राज्यों के लोक सेवा आयोग के अध्यक्षों के सम्मेलन में कई अध्यक्षों ने यूपीपीएससी के अध्यक्ष संजय श्रीनेत से इच्छा जाहिर की थी कि वे यूपीपीएससी परिसर को देखने के लिए प्रयागराज आना चाहते हैं। दूसरे आयोगों के अध्यक्ष यूपीपीएससी की कार्यप्रणाली को समझना चाहते हैं कि किस तरह यूपीपीएससी ने संघ लोक सेवा आयोग से आगे आकर यूपी पीसीएस का रिजल्ट सिविल सेवा परीक्षा से पहले जारी कर दिया। संग्रहालय बनने के बाद अन्य आयोगों के अध्यक्षों को यूपीपीएससी आमंत्रित करेगा।