कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में एमएससी की छात्रा से दुष्कर्म किया गया। आराेपी ने बेहोशी की हालत में उससे दुष्कर्म किया और फिर शादी का झांसा देकर चुप करा दिया। कुछ समय बीतने के बाद शादी से इन्कार कर दिया। शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मूल रूप से चित्रकूट जनपद की रहने वाली पीड़िता फाफामऊ स्थित एक काॅलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह किराये का कमरा लेकर पढ़ाई करती है। सोशल मीडिया के जरिए उसकी बातचीत नैनी में रहने वाले (कथित रूप से प्रतापगढ़ मुजाही बाजार) के धीरज मिश्रा से हुई। इसके बाद उनकी मुलाकात भी हुई।
आरोप है कि एक बार बर्थडे पार्टी के बहाने उसने सिविल लाइंस के पास स्थित अंकुर गेस्ट हाउस में बुलाया। उसने पहुंचने पर देखा कि वहां कोई पार्टी नहीं थी। फिर वह उसे कमरे में ले गया और वहां पीने को जूस दिया। जूस पीते ही वह बेहोश हो गई। रात लगभग 12 बजे नींद खुली तो पता चला कि आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। वह रोने लगी तो आरोपी ने एक ही जाति के होने की बात कहते हुए शादी का वादा किया।
इससे संबंधित साक्ष्य उसके पास फोटोग्राफ के रूप में हैं। आरोप है वह बार बार शादी का झांसा देता रहा। ये सारी बातें घर वापस आकर उसने अपने पिता को बताई। आरोप है कि जब पिता ने शादी का प्रस्ताव रखा तो आरोपी ने साफ इन्कार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि घटनास्थल कोतवाली थाना क्षेत्र में है। मुकदमा कोतवाली थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है।