सार
दिवाली और छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन और कुछ गाड़ियों के फेरों का विस्तार किया है। नई दिल्ली, पटना, गया, दरभंगा और बरौनी समेत कई शहरों के लिए चलने वाली इन ट्रेनों का प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज और प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर ठहराव होगा। 12 और 13 नवंबर को इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर छह पर उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों का संचालन करने के साथ कुछ गाड़ियों के फेरों का विस्तार किया है। प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज और प्रयागराज छिवकी स्टेशन से होकर गुजरने वाली इन ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिलेगी। इनमें से कई ट्रेनों का ठहराव 12 और 13 नवंबर को निर्धारित किया गया है।
नई दिल्ली से पटना के लिए संचालित त्योहार विशेष एक्सप्रेस (04060/04059) नई दिल्ली से चलकर 12 नवंबर को प्रयागराज जंक्शन पर रुकेगी। इसके अलावा जयपुर से गया के बीच चलने वाली अनारक्षित विशेष ट्रेन (09727/09728) जयपुर से रवाना होकर गोविंदपुरी के रास्ते 13 नवंबर को प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन पर रुकेगी। इसके बाद यह पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते गया पहुंचेगी।
उधना और जयनगर के बीच चलने वाली अनारक्षित विशेष ट्रेनें (09029/09030, 09059/09060 और 09022) मानिकपुर के रास्ते अलग-अलग तिथियों में प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर रुकेंगी। वहीं, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर जाने वाली एकतरफा विशेष ट्रेन (01029) 13 नवंबर को प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर ठहरेगी।
इसी प्रकार आसनसोल से उधना जाने वाली विशेष ट्रेन (03517) और गया से चेन्नई सेंट्रल जाने वाली सुपरफास्ट पूजा विशेष ट्रेन (03689) भी 12 नवंबर को प्रयागराज छिवकी स्टेशन से होकर गुजरेंगी।
नई दिल्ली और पटना के बीच संचालित आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेनें (04068/04067) और नई दिल्ली-दरभंगा विशेष ट्रेनें (04080/04079) का 12 और 13 नवंबर को प्रयागराज जंक्शन पर ठहराव रहेगा। इसके अतिरिक्त ग्वालियर से बरौनी के बीच छठ पर्व पर चलाई जा रही विशेष ट्रेनें (04111/04112 और 040101/04102) भी 12 एवं 13 नवंबर को प्रयागराज जंक्शन पर रुकेंगी।