मीरगंज। थाना क्षेत्र के बहरोली गांव से लापता छात्र विवेक अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के 12 घंटे बाद ही अपने दोस्त के यहां मिल गया। छात्र ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चला गया था। इस मामले में छात्र के कॉलेज के प्रधानाचार्य पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब प्रधानाचार्य ने छात्र के परिजनों पर रुपये मांगने का आरोप लगाया है। झूठा मुकदमा दर्ज कराने को लेकर पुलिस ने छात्र के पिता और चाचा के खिलाफ कार्रवाई की है।
विवेक मीरगंज के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है। शनिवार को वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। शाम तक विवेक के न लौटने पर परिजन स्कूल पहुंचे। परिजनों का कहना था कि प्रधानाचार्य ने तीन दिन से छात्र के स्कूल न आने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने प्रधानाचार्य व एक अन्य पर ही बेटे को गायब करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। छात्र की लोकेशन बरेली में मिली। बरेली पहुंची पुलिस ने छात्र को उसके दोस्त के घर पकड़ा। पूछताछ में उसने पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़ने की बात कही। वहीं, प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया कि छात्र के परिजनों ने उनसे रुपयों की मांग की। मना करने पर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया।
मामले में पुलिस ने छात्र के पिता सत्यवीर पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने को लेकर 182 के तहत कार्रवाई की है। वहीं, चाचा सोमपाल को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि छात्र को परिजनों के सुपुर्द किया गया है। प्रधानाचार्य के खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म कराया जाएगा।