थाना क्षेत्र के पगुवार (रानीगंज) गांव निवासी अरिमर्दन सिंह (55) की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। अरिमर्दन रविवार रात 11 बजे अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान नारीबारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति के कारण उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें शिवराजपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद घायल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी कल्पना देवी ने ट्रैक्टर नंबर सहित पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्जकर मामले की जांच कर रही है।