माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे पहली बार टोल फ्री नंबर जारी करेगा। अगले सप्ताह यह नंबर जारी करने की उम्मीद है। इस नंबर पर कॉल करने से यात्री मेले को लेकर रेलवे से जुड़़ी हर जानकारी हासिल कर सकेंगे। महाकुंभ के दौरान भी रेलवे ने टोल फ्री नंबर जारी किया था। उसी तर्ज पर अब पहली माघ मेला के लिए भी टोल फ्री नंबर जारी होगा। इस नंबर पर यात्रियों को प्रयागराज क्षेत्र के सभी स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी, यात्री विश्रामालय, ट्रेनों के प्लेटफार्म आदि की जानकारी दी जाएगी। नंबर पर यात्री हिंदी या अंग्रेजी भाषा में बात कर सकेंगे। रेलवे की तैयारी है कि कुछ क्षेत्रीय भाषाओं को भी इसमें शामिल किया जाए। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि क्षेत्रीय भाषा में भी टोल फ्री नंबर जारी हो।