मौनी अमावस्या पर रविवार को त्रिवेणी अस्पताल में एक बच्ची का जन्म हुआ। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके तिवारी ने इसका नाम मोनिका रखा। वहीं, बच्ची के जन्म के बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
संत कबीर नगर के खलीलाबाद निवासी उषा देवी पति कोहिनूर के साथ मौनी अमावस्या पर स्नान करने आई थी। स्नान के बाद प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को सुबह नौ बजे मेला क्षेत्र स्थित त्रिवेणी अस्पताल लाया गया। यहां डॉ. पॉन्सी, डॉ. सत्यजीत, स्टाफ नर्स हंसिका यादव और सिस्टर रमा ने सामान्य प्रसव कराया। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को मेला के गंगा अस्पताल में भी बच्ची का जन्म हुआ था। जिसका नाम स्वास्थ्यकर्मियों ने गंगा रखा था। माघ मेला 2025-26 में यह पहली बच्ची का जन्म था।