प्रयागराज।लॉक डाउन की वजह से बेसहारा लोगों तक भोजन पहुंचाने के लिए अब मोहल्ला- मोहल्ला समितियों का गठन होने लगा है। यह समितियां घर- घर जाकर लोगों से एक टाइम का खाना मांग रही हैं। मोहल्ले के लोग भी इस कार्य में उनका पूरा सहयोग दे रहे हैं। कीडगंज ,आजाद नगर, रामबाग में बीते दो रोज से प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति के लिए खाना मांगा जा रहा है । रामबाग के संदीप गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मोहल्ले के कुछ युवकों के साथ एक टोली बनाई है । टोली द्वारा प्रत्येक परिवार से कहा गया है कि वह नियमित रूप से एक व्यक्ति का अधिक भोजन भी बनाएं। आजाद नगर मोहल्ले में भी शरद मिश्रा, सर्वजीत सिन्हा ,अजय कुमार आदि ने भी मोहल्ले वालों से नियमित रूप से एक-एक व्यक्ति के लिए अतिरिक्त खाना बनाने की अपील की है ।इस मुहिम में मोहल्ले के लोग भी उनका साथ दे रहे हैं ।सुबह 10:30 से 11:00 के बीच मोहल्ले के कुछ युवक घर घर से एक एक व्यक्ति का खाना का संग्रह कर उसे दोपहर में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा रहे हैं । साउथ मलाका के रितेश मिश्रा उर्फ आशु पंडित, मनोज मिश्रा ,जय प्रकाश द्विवेदी आदि खुद ही भोजन बनाकर उसका वितरण रिक्शा चालक, ट्राली चलाने वाले लोगों के बीच नियमित रूप से कर रहे हैं। इसी तरह कीडगंज में शरद द्विवेदी , मनोज कुशवाहा आदि ने भी एक समिति बनाकर जरूरतमंद लोगों तक घर घर से खाना संग्रह कर पहुंचाने की मुहिम शुरू कर दी है । खास बात यह है कि युवकों द्वारा साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है ।भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने संकट किस घड़ी में तमाम मोहल्लों में युवकों द्वारा किए जा रहे भोजन वितरण कार्य की सराहना की है। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर कहीं कोई जरूरत हो तो लोग भाजपा कार्यकर्ताओं से भी संपर्क करें वह भी नियमित रूप से जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंचा रहे हैं।